बेंगलुरु, 16 अक्टूबर (भाषा) बेंगलुरु और कनाडा के वैंकूवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों ने परिचालन, प्रौद्योगिकी, आर्थिक तथा हवाई सेवा संबंधों को मजबूत करने के लिए शुक्रवार को समझौते पर हस्ताक्षर किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह समझौता कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में हुआ।
अधिकारियों के अनुसार, समझौता ज्ञापन (एमओयू) में बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और वैंकूवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बीच सात क्षेत्रों के सहयोग की रूपरेखा तय की गई है। इनमें परिचालन बेहतर बनाने के लिए प्रौद्योगिकी तथा नवाचार का इस्तेमाल शामिल है।
उन्होंने कहा कि इस सहयोग के तहत वैंकूवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के ‘डिजिटल ट्विन’ पर काम किया जाएगा। इसके अलावा, उभरते प्रौद्योगिकी उपकरणों और संभावित प्रायोगिक परियोजनाओं पर भी विचार किया जाएगा, जिन्हें वैंकूवर और बेंगलुरु हवाई अड्डों की टीम संयुक्त रूप से विकसित या परीक्षण कर सकती हैं।
केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी ‘बैंगलोर इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड’ (बीआईएएल) ने बयान में कहा कि इस समझौते का मकसद दक्षिण भारत और कनाडा के बीच हवाई माल ढुलाई को सुगम बनाना भी है। इसमें दोनों क्षेत्रों के प्रौद्योगिकी क्षेत्र जैसे तेजी से बढ़ते उद्योगों को समर्थन देने पर विशेष जोर दिया गया है।
समझौते में बेंगलुरु और वैंकूवर के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू करने का लक्ष्य भी शामिल है।
केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल दो में आयोजित एक कार्यक्रम में इस समझौते को औपचारिक रूप दिया गया। इसमें दोनों हवाई अड्डों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों, भारत में कनाडा के उच्चायुक्त क्रिस्टोफर कूटर, बेंगलुरु में कनाडा के महावाणिज्यदूत रयान वार्ड और सिद्धू ने हिस्सा लिया।
वैंकूवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नवाचार उपाध्यक्ष एवं मुख्य सूचना अधिकारी अल्बर्ट वान वीन ने बयान में कहा, “यह समझौता कनाडा-भारत गलियारे के बढ़ते महत्व और यात्रियों, माल ढुलाई तथा व्यापार को बढ़ावा देने के लिए विमानन क्षेत्र में मजबूत सहयोग की जरूरत को रेखांकित करता है।”
बीआईएएल के मुख्य परिचालन अधिकारी गिरीश नायर ने कहा कि यह साझेदारी भविष्य की जरूरतों के अनुरूप ऐसे हवाई अड्डे विकसित करने की साझा प्रतिबद्धता को मजबूत करती है, जो लगातार विश्वस्तरीय सेवाएं प्रदान करें।
सिद्धू ने कहा कि यह समझौता भारत के साथ कनाडा के व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने में मदद करेगा।
भाषा
यासिर पाण्डेय
पाण्डेय