Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

विधान परिषद चुनाव के नतीजे राज्यसभा चुनाव से भी बेहतर होंगे: योगी आदित्यनाथ

गाजियाबाद, 16 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में विधान परिषद की 11 सीट पर होने वाले चुनाव के नतीजे राज्यसभा चुनाव से भी बेहतर होंगे।

योगी यहां विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीट के लिए भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित एक सभा को संबोधित कर रहे थे।

हाल ही में उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीट पर हुए चुनाव में आठ पर भाजपा और दो पर समाजवादी पार्टी (सपा) ने जीत दर्ज की थी।

सपा की ओर से पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के चाचा प्रोफेसर रामगोपाल यादव और उद्योगपति धनराज परिमल नाथवानी विजयी हुए थे।

योगी ने राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा, “प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीट के लिए चुनाव हो रहे हैं और परिणाम राज्यसभा चुनाव से भी बेहतर आने वाला है। राज्यसभा की 10 सीट में से आठ पर भाजपा और दो पर सपा ने जीत दर्ज की थी।”

मुख्यमंत्री ने राज्यसभा चुनाव में विजयी भाजपा के आठ और सपा के दोनों उम्मीदवारों का जिक्र करते हुए कहा, “आपने देखा होगा कि भाजपा ने समाज के प्रत्येक वर्ग से प्रत्याशी बनाया, लेकिन सपा की असलियत सामने आ गई।”

उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने गिरगिट की तरह रंग बदलते हुए टिकट बेचने का काम किया।

योगी ने कहा, “सपा के पीडीए का मतलब ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ है और पहला टिकट अपने ‘चचा जान’ को दिया।”

मुख्यमंत्री ने सपा के दूसरे विजयी उम्मीदवार का जिक्र करते हुए कहा, “भाजपा की ओर से नारा दिया गया था कि पीडीए का मतलब ‘पराया धन अपना’ है। उसी तर्ज पर मुंबई के धन्ना सेठ के यहां सपा ने टिकट गिरवी रख दिया। यही इनकी असलियत है। बोलेंगे कुछ और, करेंगे कुछ।”

योगी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी का विकास और शिक्षा से कोई संबंध नहीं है तथा उसे युवाओं के भविष्य की भी चिंता नहीं है।

उन्होंने दावा किया, “चार बार प्रदेश में सपा की सरकार रही और चारों बार प्रदेश के सामने संकट खड़ा हुआ। यह संकट सुरक्षा, विकास, पहचान और नौजवानों के रोजगार से जुड़ा था। सपा के शासनकाल में प्रदेश की पहचान दंगों, कर्फ्यू, अराजकता और लूट-खसोट से थी।”

विधान परिषद की 11 सीट के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के मुताबिक, स्नातक की पांच और शिक्षक की छह सीट पर मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा।

भाषा आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र