Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

एफएसएसएआई ने जेमिनी एडिबल्स, बिगबास्केट और फ्लिपकार्ट को नोटिस जारी किया

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) खाद्य नियामक एफएसएसएआई ने हैदराबाद स्थित जेमिनी एडिबल्स एंड फैट्स इंडिया लिमिटेड, बिगबास्केट और फ्लिपकार्ट को स्वास्थ्य लाभों से जुड़े भ्रामक दावों के साथ खाद्य तेल बेचने के मामले में नोटिस जारी किए हैं।

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने शुक्रवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उसने जेमिनी एडिबल्स एंड फैट्स इंडिया, इनोवेटिव रिटेल कॉन्सेप्ट्स (बिगबास्केट) और फ्लिपकार्ट इंडिया को ‘फ्रीडम कुकिंग राइस ब्रान ऑयल’ के बारे में भ्रामक दावों को लेकर नोटिस जारी किए हैं।

नियामक के अनुसार, चावल की भूसी के इस तेल का प्रचार ई-कॉमर्स मंचों और सोशल मीडिया पर कोलेस्ट्रॉल में सुधार रखने तथा ‘10,000 से अधिक पीपीएम प्राकृतिक ओराइज़ेनॉल’ जैसे दावों के साथ किया गया था।

एफएसएसएआई ने कहा, “कोलेस्ट्रॉल और दिल की सेहत से जुड़े दावे विज्ञापन एवं दावे विनियम, 2018 के तहत खाद्य वनस्पति तेल (राइस ब्रान ऑयल) के लिए अनुमत दावों में शामिल नहीं पाए गए।”

इसके अलावा, जेमिनी एडिबल्स एंड फैट्स इंडिया अपनी ई-कॉमर्स वेबसाइट के जरिये खाद्य उत्पादों की बिक्री करती पाई गई, जबकि वह ई-कॉमर्स गतिविधियों को कवर करने वाला वैध केंद्रीय लाइसेंस नहीं पेश कर सकी।

एफएसएसएआई ने इन खाद्य कारोबार संचालकों (एफबीओ) को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा है कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जानी चाहिए।

नियामक ने गंभीर अनियमितताओं के चलते डीएनवी फूड प्रोडक्ट्स लिमिटेड का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया है। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, साफ-सफाई, भंडारण और लाइसेंस संबंधी नियमों के उल्लंघन पाए गए थे।

भाषा यासिर प्रेम

प्रेम