लुधियाना, 16 अक्टूबर (भाषा) पंजाब में लुधियाना के सलेम टाबरी इलाके में रहस्यमय परिस्थितियों में 27 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई जिसके बाद नाराज लोगों ने यह दावा करते हुए कथित तौर पर एक दवा दुकान में तोड़फोड़ की कि उस दुकान से खरीदी गई दवा को खाने के तुरंत बाद ही उसकी जान चली गयी।
इस व्यक्ति के परिवार का कहना है कि उसने बृहस्पतिवार को इसी दवा दुकान से दवा खरीदी थी और दवा खाने के करीब आधे घंटे बाद उसकी मौत हो गयी।
इस व्यक्ति की मौत के बाद भीड़ ने दवा दुकान पर धावा बोल दिया और कथित तौर पर उसमें तोड़फोड़ की।
अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दवा की दुकान को अपने नियंत्रण में ले लिया।
लुधियाना के कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने इस घटना को लेकर भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की आलोचना की।
वड़िंग ने कहा, ‘‘आपकी सरकार के जिम्मेदारी लेने से पहले और कितनी जिंदगियां गंवानी चाहिए? ज़िम्मेदारी लें और इस्तीफा दें।’’
भाषा
राजकुमार संतोष
संतोष