मुंबई, 16 अक्टूबर (भाषा) देश का विदेशी मुद्रा भंडार नौ अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में 8.58 अरब डॉलर घटकर 726.03 अरब डॉलर रहा। भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
इससे पिछले सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 12.95 अरब डॉलर घटकर 734.61 अरब डॉलर रहा था।
प्रवासी भारतीयों की जमा पर विशेष रियायती अदला-बदली योजना के तहत बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा आने से चार सितंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार अब तक के उच्चतम स्तर 785.71 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। इस योजना के जरिये बैंकों ने करीब 133 अरब डॉलर की रिकॉर्ड राशि जुटाई है। हालांकि, इसके बाद से विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार गिरावट आ रही है।
केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, नौ अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 7.14 अरब डॉलर घटकर 597.61 अरब डॉलर रह गईं।
डॉलर के संदर्भ में व्यक्त विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है।
आरबीआई ने कहा कि समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 1.32 अरब डॉलर घटकर 105.09 अरब डॉलर रहा। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 10.9 करोड़ डॉलर घटकर 18.55 अरब डॉलर रह गया।
इस दौरान अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित जमा भी एक करोड़ डॉलर घटकर 4.78 अरब डॉलर रह गया।
भाषा निहारिका रमण
रमण