नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) 'कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के नेता अभिजीत दीपके को कनॉट प्लेस में संगठन के प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन में भाग लेने के लिए घर से निकलते समय शुक्रवार को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
इससे पहले दिन में, दिल्ली पुलिस के 20 से अधिक पुलिसकर्मी झंडेवालान स्थित दीपके के आवास पर पहुंचे और उन्हें एक नोटिस थमाया, जिसमें उनसे ऐसा कोई भी कदम उठाने से बचने का निर्देश दिया गया जिससे नागरिकों, व्यापारियों, यात्रियों, मरीजों और अन्य लोगों के अधिकारों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
पुलिस की यह कार्रवाई प्रदर्शन से पहले राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच हुई है।
पुलिस अधिकारियों के साथ बातचीत में दीपके से कहा गया, 'आप नयी दिल्ली नहीं जा सकते। हम आपको हिरासत में ले रहे हैं।'
उन्होंने इसका जवाब देते हुए कहा, 'नयी दिल्ली नहीं जा सकता, कहीं और तो जा सकता हूं। मैंने कौन सा कानून तोड़ा है?'
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश