जयपुर, 16 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के पीड़ितों को 5.67 करोड़ रुपये लौटाने के लिए बैंकों को निर्देश जारी किये। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर अपराध) वीके सिंह ने बताया कि साइबर ठगी के पीड़ितों को राहत दिलाने और उनके बैंक खातों में लेन-देन पर लगाई गयी रोक को हटाने के लिए राजस्थान पुलिस की साइबर शाखा ‘आर4सी’ द्वारा मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल (एमआरएम) के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस मॉड्यूल के जरिए राजस्थान पुलिस अब तक 8,016 आवेदनों पर कार्रवाई कर 5.67 करोड़ रुपये वापस कराने के लिए बैंकों को निर्देश दे चुकी है।
सिंह ने बताया कि धनराशि वापस करने की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है तथा इसका उद्देश्य पात्र पीड़ितों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनकी रकम वापस दिलाने में मदद करना है, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से अदालतों और बैंकों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल, भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) द्वारा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शुरू किया गया एक ऑनलाइन मंच है।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र