Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष ने 'तख्तापलट' संबंधी टिप्पणियों पर कांग्रेस से रुख स्पष्ट करने को कहा

हैदराबाद, 16 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने शुक्रवार को कांग्रेस से वकील प्रशांत भूषण और अन्य लोगों की उन टिप्पणियों पर रुख स्पष्ट करने की मांग की, जिनमें उन्होंने बांग्लादेश के घटनाक्रम से प्रेरित होकर भारत में कथित तौर पर 'तख्तापलट' करने की बात कही थी।

राव ने कहा कि भूषण (जिन पर उन्होंने पहले जम्मू-कश्मीर को लेकर राष्ट्रविरोधी रुख अपनाने का आरोप लगाया था), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की नेहा बोरा और कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) नेता अभिजीत दीपके द्वारा की गई टिप्पणियां आपत्तिजनक थीं।

उन्होंने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और सरकारों का बदलना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि बांग्लादेश में हुई हिंसा से प्रेरणा लेकर भारत में तख्तापलट की बात करने वाली 'अराजक शक्तियों' के बयानों का क्या कांग्रेस समर्थन करती है।

राव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और 'शहरी नक्सल' निर्वाचन आयोग और उच्चतम न्यायालय जैसी संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने के लिए काम कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने यह महसूस करने के बाद सत्ता हासिल करने के लिए राष्ट्रविरोधी ताकतों से हाथ मिलाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए ‘कभी चुनाव नहीं जीत पाएंगे’।

उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने का दावा करने वाली कांग्रेस के लिए आज राष्ट्रविरोधी ताकतों के साथ खड़ा होना बेहद शर्मनाक है।

भाषा

सुमित संतोष

संतोष