Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

हिमाचल प्रदेश में 3,000 रुपये के विवाद में प्रवासी मैकेनिक की चाकू मारकर हत्या, एक गिरफ्तार

हमीरपुर, 16 अक्टूबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के नादौन क्षेत्र के टियालू गांव में 3,000 रुपये के लेन-देन से जुड़े विवाद में एक प्रवासी मैकेनिक की कथित तौर पर फावड़े से हमला करके हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि मृतक की पहचान दिग्विजय उर्फ गांगुली के रूप में हुई है। कथित तौर पर पैसों के विवाद को लेकर दो लोगों ने उसकी हत्या कर दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने एक आरोपी स्थानीय निवासी सुरजीत को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी संतोष, जो बिहार के मधुबनी का निवासी है, फरार है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात तीनों व्यक्ति शराब पी रहे थे, तभी उनके बीच विवाद हो गया।

पुलिस ने बताया कि बुधवार शाम को एक सुनसान इलाके में स्थित कच्चे मकान के बरामदे में दिग्विजय का खून से लथपथ शव मिला।

एएसपी ने बताया कि पुलिस ने कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना फावड़ा बरामद कर लिया है, जबकि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

उन्होंने बताया कि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

भाषा तान्या संतोष

संतोष