नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 13 प्रतिशत बढ़कर 5,532 करोड़ रुपये रहा।
बैंक ने 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में 4,904 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
देश के दूसरे सबसे बड़े बैंक पीएनबी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि 2026-27 की दूसरी तिमाही में कुल आय बढ़कर 38,185 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 36,214 करोड़ रुपये थी।
समीक्षाधीन तिमाही में बैंक की ब्याज आय बढ़कर 34,585 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 31,872 करोड़ रुपये थी।
बैंक का परिचालन लाभ भी बढ़कर 7,532 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में यह 7,227 करोड़ रुपये था।
परिसंपत्ति गुणवत्ता के मोर्चे पर, सितंबर 2026 के अंत में बैंक की सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) घटकर सकल अग्रिम का 2.55 प्रतिशत रही। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 3.45 प्रतिशत थी।
इसी तरह, सितंबर 2026 के अंत में शुद्ध एनपीए यानी फंसा कर्ज घटकर 0.25 प्रतिशत रह गया जबकि सितंबर 2025 के अंत में यह 0.36 प्रतिशत था।
भाषा निहारिका रमण
रमण