लेह/जम्मू, 16 अक्टूबर (भाषा) लद्दाख के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने शुक्रवार को लेह हवाई अड्डे के नए यात्री टर्मिनल पर भगवान बुद्ध और कुशोक बकुला रिनपोछे की प्रतिमाओं का अनावरण किया।
सक्सेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज लेह हवाई अड्डे के नए यात्री टर्मिनल पर भगवान बुद्ध और परम पूज्य कुशोक बकुला रिनपोछे की प्रतिमाओं का अनावरण करना मेरे लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है।’’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को इस अत्याधुनिक टर्मिनल का उद्घाटन किया था।
उपराज्यपाल ने कहा कि अत्याधुनिक टर्मिनल पर स्थापित प्रतिमाएं लद्दाख के आध्यात्मिक महापुरुषों के प्रति क्षेत्र के लोगों की गहरी श्रद्धा को दर्शाती हैं।
सक्सेना ने कहा कि भगवान बुद्ध की शिक्षाएं और कुशोक बकुला रिनपोछे का योगदान आज भी क्षेत्र के लोगों का मार्गदर्शन कर रहा है तथा सद्भाव और नैतिक शक्ति की प्रेरणा दे रहा है।
उन्होंने बताया कि नए टर्मिनल से शुक्रवार सुबह उड़ान सेवाएं शुरू हो गईं।
भाषा शफीक
शफीक