नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) लघु वित्त बैंक उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में करीब तीन गुना होकर 365 करोड़ रुपये रहा। बैंक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
बैंक को इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 122 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि जुलाई-सितंबर तिमाही में उसकी कुल आय 26 प्रतिशत बढ़कर 2,449 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,939 करोड़ रुपये थी।
समीक्षाधीन तिमाही में फंसे कर्ज के लिए प्रावधान घटकर 103 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 235 करोड़ रुपये था।
इसके अलावा, बैंक के निदेशक मंडल ने अंतरराष्ट्रीय वित्त निगम (आईएफसी), बजाज लाइफ इंश्योरेंस, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस और आदित्य बिड़ला सन लाइफ इंश्योरेंस से तरजीही शेयर आवंटन के जरिये 409 करोड़ रुपये जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। हालांकि, इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी लेनी होगी।
भाषा यासिर रमण
रमण