Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

पंजाब के गांव में व्यक्ति की हत्या, मादक पदार्थ से जुड़े विपक्ष के दावे का पुलिस ने किया खंडन

चंडीगढ़, 16 अक्टूबर (भाषा) पंजाब में बटाला के एक गांव में मोबाइल फोन को लेकर दो गुटों के बीच हाथापाई के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि इस व्यक्ति को क्षेत्र में मादक पदार्थ की कथित तस्करी का विरोध करने की कीमत चुकानी पड़ी है। हालांकि, पुलिस ने इस घटना में किसी मादक पदार्थ कोण से इनकार किया है।

बटाला पुलिस द्वारा ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मेहताब सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार रात जिले के मारी पनवां गांव में हत्या की एक घटना सामने आई, जो एक मोबाइल फोन को लेकर दो गुटों के बीच हुई हाथापाई का नतीजा थी।

उन्होंने कहा, ‘‘बिक्रमजीत सिंह नामक व्यक्ति को धारदार हथियार से घायल कर दिया गया। बाद में उसकी मौत हो गई। इस घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए।’’

एसएसपी ने स्पष्ट किया, ‘‘इस घटना में मादक पदार्थ वाला कोई कोण नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि पुलिस ने बीएनएस की धारा 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हालांकि, सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के विरोधी दलों ने इस घटना को लेकर भगवंत मान सरकार की कड़ी आलोचना की है। यह घटना मानसा में एक दवा दुकानदार द्वारा नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या किए जाने के दो दिन बाद हुई है। झोटा की हत्या ने राज्य में राजनीतिक घमासान छेड़ दिया है। अगले साल के आरंभ में पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं।

पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और लुधियाना के सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘श्री हरगोबिंदपुर में कथित तौर पर नशीले पदार्थों की तस्करी का विरोध करने पर एक युवक की हत्या कर दी गई और दो अन्य लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब के बच्चों की रक्षा कौन करेगा? सरकार सिर्फ घोषणाएं करती रहेगी। परिवार कब तक भुगतते रहेंगे? हमें जवाबदेही चाहिए, मादक पदार्थ नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहिए। एक ऐसा पंजाब चाहिए जहां मादक पदार्थ के खिलाफ आवाज़ उठाने पर किसी को अपनी जान न गंवानी पड़े।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि मानसा में नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा को गोली मारे जाने के ठीक दो दिन बाद 40 वर्षीय बिक्रमजीत सिंह की हत्या, पंजाब में आप सरकार के तहत कानून-व्यवस्था के ध्वस्त होने के बारे में ‘गंभीर सवाल’ खड़े करती है।

नवीन की टिप्पणी पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘मैं नितिन नवीन जी की बात से पूरी तरह सहमत हूं। जब नशीले पदार्थों के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दिन-दहाड़े गोली मार दी जाती है, तो यह सिर्फ पुलिस व्यवस्था की विफलता नहीं है, बल्कि यह शासन-प्रशासन के पूरी तरह ध्वस्त हो जाने का संकेत है।’’

ढिल्लों ने कहा, ‘‘मादक पदार्थ माफिया और अपराधियों को कुचलना होगा। उनके पीछे मौजूद हर तरह के राजनीतिक संरक्षण का पर्दाफाश करना होगा। भाजपा पंजाब को नशा-मुक्त, गैंगस्टर-मुक्त और सुरक्षित बनाएगी।’’

भाषा राजकुमार शफीक

शफीक