Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

उत्तराखंड: जिला पुलिस में महिला कांस्टेबल पदों की संख्या बढ़ाकर 2000 किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी

देहरादून, 16 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को जिला पुलिस में महिला कांस्टेबल के पदों की संख्या 526 से बढ़ाकर 2,000 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।

इस प्रस्ताव के तहत 1,474 अतिरिक्त पद अन्य संवर्गों और शाखाओं के स्वीकृत पदों से समायोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा, “हमारी सरकार का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को सेवा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही उनके भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना है।”

अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में कार्मिक विभाग ने बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय भार और कुल स्वीकृत पदों की संख्या में वृद्धि किए बिना प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव के तहत वर्तमान में कार्यरत 1,210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन और भविष्य में उनकी पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग प्रस्ताव उपलब्ध कराने की शर्त रखी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने से जिला पुलिस में महिला कांस्टेबल के पदों की संख्या बढ़ाने का रास्ता साफ होगा और साथ ही, वर्तमान में कार्यरत अधिसंख्य महिला कांस्टेबल के समायोजन तथा उनके लिए भविष्य में पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में भी पहल की जाएगी।

भाषा दीप्ति जितेंद्र

जितेंद्र