नागोया, 16 अक्टूबर (भाषा) दो बार के पैरालम्पिक रजत पदक विजेता और गत चैम्पियन सुहास एल वाई ने एशियाई पैरा खेलों की बैडमिंटन स्पर्धा में जीत के साथ आगाज करते हुए पुरूषों के एकल एसएल4 ग्रुप ई मैच में बांग्लादेश के जॉयतू धर को सीधे गेम में हराया ।
प्रशासनिक अधिकारी सुहास ने तोक्यो और पेरिस पैरालम्पिक में रजत पदक जीता था जबकि पिछले एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किया था । उन्होंने यह मुकाबला 21 . 8, 21 . 11 से जीता ।
पुरूषों के एकल एसएल4 वर्ग में अभिजीत सखुजा ने चीनी ताइपै एन चुआन येह को 21 . 17, 21 . 12 से मात दी ।
तोक्यो पैरालम्पिक स्वर्ण पदक विजेता और एशियाई पैरा खेलों के रजत पदक विजेता कृष्णा नागर ने चीनी ताइपै के जिया सियांग लिंग को 21 . 5, 21 . 4 से हराकर जीत के साथ आगाज किया ।
एसएच6 वर्ग में एक और भारतीय सिवराजन सोलाइमलाइ ने ग्रुप डी में फिलीपींस के जॉन साइरस मेकलांग को 21 . 7, 21 . 6 से हराया ।
नागर और सोलाइमलाइ की जोड़ी को पुरुष युगल एसएच6 मुकाबले में हांगकांग के चुन यिम योंग और मान काई चू के खिलाफ 10-21, 12-21 से हार का सामना करना पड़ा।
इसके बाद नगर ने नित्या स्रे सुमति सिवान के साथ मिलकर मिश्रित युगल एसएच6 के ग्रुप मुकाबले में मलेशिया के नुर्जम्मीजातुल बी मोहम्मद और मुहम्मद अमीन बिन अजमी को 21-7, 21-7 से हराया।
मिश्रित युगल एसएल3 और एसयू5 ग्रुप ए के मैच में भारत की मनीषा रामदास और प्रमोद भगत ने चीन के लिचुआन शियोंग और टोंगटोंग को 21-16 19-21 21-16 से मात दी । मानसी जोशी और रूत्विक रघुपति हालांकि अपना मुकाबला हार गए ।
मानसी और उनकी जोड़ीदार तुलसीमति मुरूगेसन ने एक गेम से पिछड़ने के बाद वापसीकरते हुए महिला युगल एसएल3-एसयू5 मैच में इंडोनेशिया कीवारिनिंग रहायु और कोनिता इख्तियार सयाकुरोह को 21-10 21-12 से शिकस्त दी।
महिला एकल एसएल3 वर्ग में पूर्व विश्व चैम्पियन मानसी जोशी को चीन की यूमेइ लियू ने 21 . 15, 14 . 21, 21 . 15 से हराया ।
संजना कुमार ने एसएल3 में अपना शुरूआती ग्रुप मैच जीत लिया, उन्होंने हांगकां की चाई साएयांग को 21-4, 21-6 से शिकस्त दी।
पुरूषों के एकल डब्ल्यूएच2 के ग्रुप मुकाबले में भारत के अबू हुबैदा को चीन के जियानपेंग माई के खिलाफ 11-21, 9-21 से हार का सामना करना पड़ा जबकि हमवतन प्रेम कुमार अले ने इंडोनेशिया के अगुंग विडोडो को 18-21, 21-15, 21-16 से हराया।
मिश्रित युगल डब्ल्यूएच1-डब्ल्यूएच2 वर्ग में अले और अल्फिया जेम्स की जोड़ी को चीन के माई और मेंग्लू यिन की जोड़ी के खिलाफ 15-21, 9-21 से हार मिली।
महिला एकल डब्ल्यूएच2 वर्ग में जेम्स को बाद में चीन की युतोंग लू ने 21-8, 21-5 से हराया।
वहीं, हुबैदा और अले की जोड़ी को सऊदी अरब के महदी अलमकीनाह और एस्साम बुआयती के खिलाफ 4-21, 2-21 से हार का सामना करना पड़ा।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द