लखनऊ, 16 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना आवश्यक है और इसमें पारदर्शिता व विश्वास सबसे महत्वपूर्ण हैं।
जन भवन द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राज्यपाल ने लखनऊ की अवध विहार योजना स्थित ‘लैपेटोस हेल्थकेयर सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल’ का उद्घाटन किया।
उन्होंने इस अवसर पर अस्पताल के उद्देश्यों और समाज सेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता की सराहना की।
आनंदीबेन पटेल ने कहा कि अस्पतालों को चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ अपने सामाजिक उत्तरदायित्व का भी निर्वहन करना चाहिए ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा, “स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और विश्वास सबसे महत्वपूर्ण हैं। दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जानी चाहिए और नकली दवाओं की जांच के लिए भी आवश्यक व्यवस्था होनी चाहिए।”
राज्यपाल ने कहा कि मानव जीवन के साथ-साथ पशुओं के जीवन की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने जोर दिया कि मरीज की बीमारी को सही ढंग से समझकर उसका उचित उपचार किया जाना चाहिए और अनावश्यक जांच, दवाओं या अन्य खर्चों का बोझ मरीजों पर नहीं डाला जाना चाहिए।
आनंदीबेन ने कहा कि चिकित्सा सेवाओं में संवेदनशीलता, नैतिकता और पारदर्शिता से ही मरीजों का विश्वास मजबूत होगा।
उन्होंने लखनऊ में उनके द्वारा गोद लिए गए एक विद्यालय का जिक्र करते हुए अस्पताल प्रबंधन से गांवों के विद्यालयों का दौरा करने और वहां पढ़ने वाले वंचित परिवारों के बच्चों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की पहल करने की अपेक्षा की।
राज्यपाल ने इच्छा जताई कि प्रदेश के सभी निजी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों की एक बैठक जन भवन में आयोजित की जाए, जिसमें सभी संस्थान सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत मिलकर काम करने की योजना बनाएं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक संस्थान गांवों को गोद लेकर वहां के जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करे।
भाषा आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र