अबू धाबी, 16 अक्टूबर (भाषा) विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को रस अल खैमाह के शासक और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की ‘सुप्रीम काउंसिल’ के सदस्य शेख सऊद बिन सक्र अल कासिमी से मुलाकात की और इस दौरान द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने तथा खाड़ी क्षेत्र के हालात पर चर्चा हुई।
जयशंकर भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करने के लिए तीन दिवसीय यात्रा पर बुधवार को अबू धाबी पहुंचे थे।
जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘रस अल खैमाह के शासक और यूएई की सुप्रीम काउंसिल के सदस्य शेख सऊद बिन सक्र अल कासिमी से मिलकर खुशी हुई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारत-यूएई संबंधों को और मजबूत करने तथा क्षेत्र के साथ संपर्क एवं सहयोग को गहरा करने के संबंध में उनके विचारों के लिए आभारी हूं। खाड़ी क्षेत्र की स्थिति पर भी चर्चा हुई।’’
रस अल खैमाह यूएई के सात अमीरात में से एक है और देश के सबसे उत्तरी हिस्से के निकट स्थित है। इसकी अंतरराष्ट्रीय सीमा ओमान से लगती है और यह अमीरात खाड़ी के तट पर होर्मुज जलडमरूमध्य के समीप स्थित है।
बुधवार को जयशंकर ने यूएई के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाह्यान से मुलाकात की थी और द्विपक्षीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया था।
भाषा शफीक नरेश
नरेश