Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

राजस्थान: एसएमएस मेडिकल कॉलेज परिसर में अनधिकृत काउंसलिंग गतिविधियों को लेकर मामला दर्ज

जयपुर, 16 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के जयपुर स्थित सवाई मानसिंह (एसएमएस) मेडिकल कॉलेज परिसर में कथित तौर पर अनधिकृत काउंसलिंग गतिविधियों के मामले में एक निजी परामर्श फर्म और उसके प्रतिनिधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, राजस्थान नीट-यूजी मेडिकल एवं डेंटल काउंसलिंग के दौरान एसएमएस मेडिकल कॉलेज परिसर में कथित अनधिकृत गतिविधियों को लेकर मेडिपीडिया ओवरसीज एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड और उसके संबंधित प्रतिनिधियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी गई थी।

‘स्टेट नीट-यूजी मेडिकल एंड डेंटल काउंसलिंग बोर्ड’ के अध्यक्ष की ओर से 16 अक्टूबर को एसएमएस अस्पताल थाने में दी गई शिकायत में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया था।

कंपनी के प्रतिनिधियों पर काउंसलिंग स्थल और शैक्षणिक परिसर में प्रवेश कर विद्यार्थियों को निजी काउंसलिंग सेवाएं देने का प्रयास करने का आरोप है।

शिकायत में बताया गया कि कंपनी के प्रतिनिधियों ने अपनी सेवाओं का प्रचार करते हुए आधिकारिक सहायता से जुड़ा होने का आभास कराया और संस्थान के साथ अपने संबंधों को लेकर भ्रामक प्रस्तुति की।

शिकायत के अनुसार, ऐसी गतिविधियों से आधिकारिक प्रवेश प्रक्रिया को लेकर विद्यार्थियों में भ्रम उत्पन्न हो सकता है और उन्हें आर्थिक या अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

बोर्ड ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्तियों की भूमिका और परिसर में उनकी गतिविधियों की जांच करने का अनुरोध किया।

बोर्ड की ओर से कंपनी के सोशल मीडिया प्रचार से संबंधित सामग्री, तस्वीरें और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं।

बोर्ड ने विद्यार्थियों से राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक (यूजी) काउंसलिंग से संबंधित जानकारी के लिए अधिकृत काउंसलिंग बोर्ड और सरकारी संस्थानों के आधिकारिक दिशा-निर्देशों पर ही भरोसा करने की अपील की।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र

जितेंद्र