Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

शुभेंदु अधिकारी ने विभिन्न योजनाओं के तहत गरीबों के लिए 12000-15000 रुपये प्रतिमाह मदद की पैरवी की

(फाइल फोटो के साथ)

कोलकाता, 16 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि यह सुनिश्चित करना ‘हमारी’ जिम्मेदारी है कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से हर माह 12,000 से 15,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिले।

पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में दुर्गा पूजा पंडालों के उद्घाटन के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार को उन परिवारों की जिम्मेदारी लेनी ही चाहिए जिन्हें वास्तव में आर्थिक मदद की जरूरत है।

शुभेंदु अधिकारी का नंदीग्राम से लंबे समय से राजनीतिक जुड़ाव रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘ हमें उन परिवारों की जिम्मेदारी लेनी होगी जो वास्तव में आर्थिक रूप से कमजोर हैं और जिन्हें मदद की जरूरत है। हमें विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से उनके लिए हर महीने 12,000 से 15,000 रुपये की व्यवस्था करनी होगी।’’

उनके संबोधन से यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका कि प्रस्तावित सहायता विशेष रूप से नंदीग्राम के परिवारों के लिए थी या राज्यभर के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इसका लाभ मिलेगा।

उन्होंने प्रस्तावित सहायता के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी, लेकिन इस बात पर जोर दिया कि आर्थिक रूप से सचमुच कमजोर परिवारों को सरकार से पर्याप्त वित्तीय मदद मिलनी चाहिए।

अधिकारी ने यह भी कहा कि जब तक दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर के लोग चाहेंगे, वह वहां के विधायक के तौर पर उनका प्रतिनिधित्व करते रहेंगे, जबकि नंदीग्राम के साथ एक मतदाता के रूप में उनका आजीवन जुड़ाव बना रहेगा।

उन्होंने दावा किया कि 2021 और 2026 के चुनावों के दौरान वह नंदीग्राम के अल्पसंख्यक-बहुल इलाकों में नहीं जा पाये थे, लेकिन अब फूलों की बारिश करके उनका स्वागत किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यही असली बदलाव है।’’

भाषा

राजकुमार पवनेश

पवनेश