जयपुर, 16 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 4.80 लाख से अधिक आवेदन प्राप्क हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राजस्थान में 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित रहे सभी पात्र व्यक्तियों के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान एक अक्टूबर से चलाया जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि 14 अक्टूबर तक राज्य में फॉर्म-6 के कुल 4,80,893 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 18-19 आयु वर्ग के 2,67,946 और 20 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग के 2,12,947 आवेदन शामिल हैं।
महाजन ने एक बयान में बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर पहुंचकर पात्र युवा एवं नये मतदाताओं को जागरूक करने व उनका पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष कदम उठाये जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र