Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

उप्र: वाराणसी में अवैध पटाखा फैक्टरी में विस्फोट का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

वाराणसी, 16 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक अवैध पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट के मामले में फरार आरोपी राजू खान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि राजू के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

वरुणा जोन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेश पांडेय ने बताया कि एयर शो के मद्देनजर पुलिस की एक टीम बृहस्पतिवार देर रात सरायमोहना घाट के पास गश्त कर रही थी और इसी दौरान झाड़ियों के पास से आते दिखे एक व्यक्ति को संदेह के आधार पर रोकने की कोशिश की गई।

उन्होंने बताया कि उस व्यक्ति ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी और जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान राजू खान के रूप में हुई है, जो बृहस्पतिवार को सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर में एक मकान में हुए विस्फोट के मामले में वांछित था।

पुलिस के अनुसार, पैगंबरपुर में राजू खान के मकान में बृहस्पतिवार शाम जोरदार विस्फोट हुआ था और धमाका इतना शक्तिशाली था कि पूरा मकान ढह गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मकान में कथित तौर पर अवैध रूप से पटाखे बनाए और जमा किए जाते थे।

पुलिस के मुताबिक, इस घटना में राजू खान की पत्नी चांदनी (39) गंभीर रूप से झुलस गई थी, जबकि उसके 16 वर्षीय बेटे आदिल खान और 10 वर्षीय बेटी अरबिया को मामूली चोटें आई थीं।

पुलिस ने बताया कि विस्फोट के बाद राजू खान और उसकी मां मौके से फरार हो गए थे।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सके।

भाषा सं. सलीम जितेंद्र

जितेंद्र