(फाइल फोटो के साथ)
तिरुवनंतपुरम, 16 अक्टूबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को सीएमआरएल से संबद्ध धनशोधन मामले में 23 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि ये समन धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जारी किए गए हैं। निदेशालय ने केरलम पुलिस की हालिया प्राथमिकी का संज्ञान लेते हुए पीएमएलए के तहत यह मामला दर्ज किया है।
अधिकारियों ने बताया कि केरलम विधानसभा में विपक्ष के नेता विजयन को 23 अक्टूबर को कोच्चि में ईडी कार्यालय में पेश होने को कहा गया है।
माकपा नेता विजयन एवं उनकी पार्टी ने लगातार इस मामले में किसी भी गड़बड़ी से इनकार किया है।
केरलम सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) ने कथित सीएमआरएल रिश्वतखोरी मामले के सिलसिले में विजयन और उनकी बेटी वीणा टी एवं उनके दामाद पी ए मोहम्मद रियास समेत उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ 12 अक्टूबर को दो प्राथमिकी दर्ज कीं।
केरल उच्च न्यायालय ने नौ अक्टूबर को ब्यूरो को निर्देश दिया था कि वह ईडी द्वारा केरलम पुलिस को सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज करे।
प्रवर्तन निदेशालय ने धनशोधन रोधी कानून के तहत की गई जांच और तलाशी के दौरान जुटाए गए सबूतों के आधार पर मामला दर्ज करने की सिफारिश की थी।
ईडी ने आरोप लगाया है कि सीएमआरएल ने सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) परामर्श सेवाओं की आड़ में विजयन की बेटी वीणा की कंपनी 'एक्सलॉजिक सॉल्यूशंस' (जो अब बंद हो चुकी है) को 2.78 करोड़ रुपये का फर्जी भुगतान किया।
विजयन ने प्राथमिकी दर्ज करने के केरल उच्च न्यायलाय के आदेश को शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी।
भाषा
राजकुमार सिम्मी
सिम्मी