नांदेड़, 16 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में सूखे की मौजूदा स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पशुओं के लिए चारे की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 'फॉडर फ्रेंड्स' पहल शुरू करने की योजना बनाई है।
इस पहल का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर चारे की उपलब्धता बढ़ाना और आने वाले महीनों में इसकी कमी की आशंका से निपटने के लिए पशुपालकों को तैयार करना है।
राज्य सरकार ने महाराष्ट्र की कुल 305 तहसील में सूखा घोषित किया है। नांदेड़ की 16 तहसील में से 14 को सूखाग्रस्त घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी राहुल करडिले ने बताया कि 'फॉडर फ्रेंड्स' पहल के तहत ऐसे किसानों और अन्य लोगों को तेजी से बढ़ने वाली और कम पानी में तैयार होने वाली चारा फसलों के बीज मुफ्त दिए जाएंगे, जिनके पास सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध है और जो चारा उगाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि किसान उगाए गए चारे का इस्तेमाल पहले अपने पशुओं की जरूरत पूरी करने के लिए करेंगे। इसके बाद बचने वाला चारा उन अन्य पशुपालकों को उपलब्ध कराया जाएगा, जिन्हें इसकी कमी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन इस पहल को जिले के 182 पशु चिकित्सालयों के माध्यम से लागू करने की योजना बना रहा है, जहां किसानों को इस पहल की जानकारी दी जाएगी और उनके पंजीकरण की व्यवस्था की जाएगी।
करडिले ने अपील की कि जिन किसानों के पास सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध है, वे चारे की खेती कर जिले में पशुओं के लिए पर्याप्त चारा उपलब्ध कराने में मदद करें।
भाषा
शुभम सिम्मी
सिम्मी