Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

‘कांदा एक्सप्रेस’ 440 टन प्याज लेकर 18 अक्टूबर तक पहुंचेगी त्रिपुरा

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कहा कि प्याज का 440 टन बफर स्टॉक लेकर विशेष ट्रेन ‘कांदा एक्सप्रेस’ के 18 अक्टूबर तक त्रिपुरा की राजधानी अगरतला पहुंचने की उम्मीद है। इससे राज्य में प्याज की आपूर्ति बढ़ाने और कीमतों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में प्याज की उपलब्धता बढ़ाने के लिए पहली बार ‘कांदा एक्सप्रेस’ अगरतला पहुंचेगी।

इस खेप से त्रिपुरा के आठ में से सात जिलों- धलाई, दक्षिण त्रिपुरा, खोवाई, उनाकोटी, पश्चिम त्रिपुरा, गोमती और सिपाहीजाला में बाजारों तक प्याज की पहुंच बेहतर होने की उम्मीद है।

मंत्रालय ने कहा कि इस कदम से पूर्वोत्तर में सरकार के प्याज वितरण नेटवर्क का विस्तार होगा। इससे पहले ‘कांदा एक्सप्रेस’ के जरिये असम में बफर स्टॉक से प्याज भेजा गया था।

बयान के मुताबिक, अब तक दो ‘कांदा एक्सप्रेस’ ट्रेन के जरिये क्रमशः 840 टन और 452 टन प्याज तथा 44 ट्रकों के जरिये 1,513.46 टन प्याज पूर्वोत्तर पहुंचाया गया है। वितरण के तहत असम, त्रिपुरा और नगालैंड के कामरूप, गुवाहाटी, गोमती, दीमापुर, सिपाहीजाला, कोहिमा, नियूलैंड और चुमौकेदिमा में प्याज पहुंचाया गया है।

केंद्र सरकार ने वर्ष 2026 के लिए राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ (एनसीसीएफ) और भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (नाफेड) जैसी नोडल एजेंसियों के माध्यम से 1.21 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक रखा है।

मूल्य स्थिरीकरण कोष (पीएसएफ) योजना के तहत कीमतों के प्रति संवेदनशील चुनिंदा शहरों में प्याज 35 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर बेचा जा रहा है।

मंत्रालय ने कहा कि खरीफ प्याज की नई आवक बढ़ने के साथ प्रमुख मंडियों में कीमतों में नरमी आई है। प्याज का अखिल भारतीय औसत मंडी भाव सितंबर के करीब 3,600 रुपये प्रति क्विंटल के उच्चतम स्तर से घटकर अक्टूबर में लगभग 3,300 रुपये प्रति क्विंटल रह गया है।

पिछले दो सप्ताह में 211 शहरों में प्याज की खुदरा कीमतों में एक रुपये से लेकर 13 रुपये प्रति किलोग्राम तक की गिरावट दर्ज की गई है।

मंत्रालय ने कहा कि सरकार देशभर में प्याज की कीमतों, मंडियों में आवक और आपूर्ति की स्थिति पर लगातार करीबी नजर रख रही है।

उसने कहा कि कीमतों में अनुचित उतार-चढ़ाव रोकने और पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मंजूर परिचालन निर्णयों के अनुरूप जरूरत पड़ने पर आगे भी प्याज जारी किया जाएगा।

भाषा यासिर प्रेम

प्रेम