Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

राहुल गांधी के खिलाफ टिप्पणी करने को लेकर भाजपा पार्षद श्रीलेखा के खिलाफ मामला दर्ज

कोल्लम (केरलम), 16 अक्टूबर (भाषा) केरलम के पुनालूर में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ टिप्पणी करने को लेकर पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एवं भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) पार्षद आर. श्रीलेखा के खिलाफ पुलिस ने शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुनालूर में हाल में आयोजित पार्टी के एक कार्यक्रम में श्रीलेखा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ गांधी के विरोध-प्रदर्शन की आलोचना की थी और उनके बर्ताव की तुलना किसी ऐसे व्यक्ति की हरकत से की थी, जो नशे के प्रभाव में हो।

कांग्रेस नेताओं ने उनकी टिप्पणी की व्यापक आलोचना की थी। आलोचना करने वालों में गृह मंत्री रमेश चेन्निथला भी शामिल थे।

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को कांग्रेस के एक नेता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुनालूर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 192 के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह धारा दंगा भड़काने के इरादे से जानबूझकर उकसाने के अपराध से संबंधित है।

पुलिस ने बताया कि कांग्रेस नेता के. एस. सबरीनाधन ने भी तिरुवनंतपुरम में इसी तरह की शिकायत दर्ज कराई थी।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना पुनालूर में हुई थी, इसलिए पुलिस ने कोल्लम जिले में मिली शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने का फैसला किया।

उन्होंने बताया कि जांच के तहत पुलिस उस कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच पड़ताल करेगी, जिसमें श्रीलेखा ने विवादित टिप्पणी की थी।

अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद उनका विस्तृत बयान भी दर्ज किया जायेगा।

श्रीलेखा केरलम की पहली आईपीएस (भारतीय पुलिस सेवा) अधिकारी थीं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने से पहले वह डीजीपी के पद से सेवानिवृत्त हुई थीं।

उन्होंने पिछले साल तिरुवनंतपुरम नगर निगम के सस्थामंगलम वार्ड से स्थानीय निकाय चुनाव में जीत हासिल की थी।

भाषा

देवेंद्र सिम्मी

सिम्मी