इडुक्की, 16 अक्टूबर (भाषा) केरलम पुलिस ने इडुक्की में पांबला चौकी के समीप तमिलनाडु की 18 वर्षीय एक किशोरी का जला हुआ शव मिलने के बाद उसकी हत्या के संदेह में एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इडुक्की के वटापारा के 19 वर्षीय युवक निशांत से पूछताछ की जा रही है तथा जल्द ही उसकी गिरफ्तारी किये जाने की संभावना है।
पुलिस के अनुसार बुधवार को पांबला के समीप केरल राज्य विद्युत बोर्ड के आवासीय परिसर में एक खाली पड़े शेड में इस किशोरी का जला हुआ शव मिला था। किशोरी तमिलनाडु के बोदियानकानूर की रहने वाली थी।
लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी जिसके बाद करीमानल थाने के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
बोदिनायकानूर पुलिस ने 18 वर्षीय किशोरी के लापता होने के बाद मामला दर्ज किया था।
अधिकारियों के अनुसार शव मिलने के बाद किशोरी के परिजन थाने पहुंचे और बृहस्पतिवार को उन्होंने किशोरी की नेल पॉलिश और शारीरिक बनावट के आधार पर शव की पहचान की।
इसके बाद पुलिस ने एक ऐसे युवक की भूमिका की जांच शुरू की, जो कथित तौर पर उस लड़की के साथ रिश्ते में था।
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार रात निशांत को हिरासत में लिया गया।
पुलिस को शक है कि किशोरी की हत्या करने से पहले उस पर यौन हमला किया गया और फिर उसके शव को आग लगा दी गई।
पुलिस के अनुसार, किशोरी 11 अक्टूबर को अपने घर से निकली थी और इडुक्की के पूपारा पहुंच गई थी।
पुलिस के मुताबिक बोदिनायकानूर में एक साथ पढ़ाई करने वाले निशांत और युवती के बीच कथित तौर पर बहस हो गई थी।
आरोप है कि आरोपी ने युवती का गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर उसके शव को आग लगा दी।
लड़की के परिवार वालों ने पत्रकारों को बताया कि आरोपी के कथित तौर पर अन्य महिलाओं के साथ संबंध थे। उन्होंने मामले की विस्तृत जांच की मांग की है, जिसमें यह पता लगाना भी शामिल है कि क्या आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
भाषा
राजकुमार वैभव
वैभव