Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

पलानी इडुंबन मंदिर आभूषण चोरी मामले में दो गिरफ्तार; पिघला हुआ सोना और चांदी बरामद

डिंडीगुल, 16 अक्टूबर (भाषा) तमिलनाडु के डिंडीगुल जिला स्थित इडुंबन मंदिर में हुई कीमती सामान की चोरी के मामले में मंदिर के एक पूर्व कर्मचारी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से 20.5 सॉवरेन पिघला हुआ सोना तथा करीब तीन किलोग्राम चांदी की सिल्लियां बरामद की गई हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पलानी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित विघ्नेश्वर वगैयारा मंदिर (इडुंबन मंदिर) के कार्यकारी अधिकारी नरसिम्हन ने 30 मई 2024 को औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें कहा गया था कि कार्यकारी अधिकारी के कार्यालय की तिजोरी में रखे 20.5 सॉवरेन स्वर्ण आभूषण और तीन किलोग्राम चांदी का सामान गायब है।

शिकायत के बाद पुलिस उपाधीक्षक देवराज के नेतृत्व में निरीक्षक थंगमुनियासामी और उपनिरीक्षक चंद्रन की एक विशेष टीम गठित की गई, ताकि मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा सके।

डिंडीगुल के पुलिस अधीक्षक जयकुमार ने पत्रकारों को बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक महिला को उसके पुरुष साथी प्रभाकरण के साथ पकड़ा है। उन्होंने कहा कि संबंधित महिला पहले मंदिर कार्यालय में ‘कंप्यूटर ऑपरेटर’ के रूप में काम करती थी और बाद में उसे नौकरी से हटा दिया गया था।

उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान दोनों ने कीमती सामान चुराने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी किसी एक घटना में नहीं, बल्कि फरवरी और मई के बीच कई महीनों में धीरे-धीरे की गई थी।

पूर्व कर्मचारी ने कार्यालय के समय के दौरान कार्यकारी अधिकारी के बैग के अंदर रखी तिजोरी की चाबियां हासिल कर ली थीं।

उन्होंने बताया कि चुराए गए सोने के गहनों और चांदी के सामान को पिघलाकर बेच दिया गया, जिनमें चांदी का वेल (एक प्रकार का भाला या त्रिशूल जैसा धार्मिक अस्त्र) और कवच शामिल थे।

पुलिस ने उन स्थानों का पता लगाया जहां आभूषण बेचे गए थे और वहां से पिघला हुआ सोना (20.5 सॉवरेन) तथा लगभग 2.9 से 3 किलोग्राम वजन की चांदी की सिल्लियां और सामान बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और चोरी के कीमती सामान को पिघलाने व खरीदने वाले लोगों सहित अन्य की संलिप्तता का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

भाषा सुमित मनीषा नेत्रपाल

नेत्रपाल