कोझिकोड (केरलम), 16 अक्टूबर (भाषा) केरलम के ओलावन्ना स्थित एक टोल प्लाजा के छह कर्मचारियों के खिलाफ ‘क्यूआर कोड’ का इस्तेमाल कर टोल संग्रह के लगभग सात लाख रुपये निजी खातों में भेजने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार कथित धोखाधड़ी के इस मामले में बृहस्पतिवार को पंथीरंकावू पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर दो सितंबर से पांच अक्टूबर के बीच अधिकृत भुगतान प्रणाली के बजाय एक निजी खाते से जुड़े क्यूआर कोड का इस्तेमाल कर टोल वसूली की रकम को दूसरे खाते में स्थानांतरित कर दिया। पुलिस के मुताबिक यह क्यूआर कोड मुख्य आरोपी द्वारा उपलब्ध कराया गया था।
शिकायतकर्ता और टोल प्लाजा का संचालन करने वाली कंपनी के प्रबंधक अमित कुमार शर्मा (36) ने आरोप लगाया है कि इस हेराफेरी के कारण कंपनी को लगभग सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
आरोपियों की पहचान विपिन राजपूत (23), उमाशंकर (40), मोंटी राजपूत (21), हरिमोहन (19), शिवम (21) और नवीनसिंह भदौरिया (24) के रूप में हुई है। ये सभी उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के रहने वाले हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जांच के सिलसिले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
भाषा सुमित पवनेश
पवनेश