Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

कोलंबो में अगले महीने पहली बार होगा महिला-पुरुष मिश्रित क्रिकेट टूर्नामेंट

कोलंबो, 16 अक्टूबर (भाषा) क्रिकेट में पहली बार 80 ओवर के प्रारूप पर आधारित महिला-पुरुष मिश्रित क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन यहां के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (एसएससी) में 14 से 29 नवंबर तक किया जाएगा।

‘टेस्ट ट्वेंटी’ नाम के इस टूर्नामेंट में 13 से 21 वर्ष की आयु के 160 युवा क्रिकेटर हिस्सा लेंगे। इन खिलाड़ियों का चयन दुनिया भर से कर चार महाद्वीपीय टीमों में शामिल किया जाएगा। खास बात यह है कि प्रत्येक टीम में लड़कियां और लड़के एक साथ खेलेंगे और दोनों के बनाए रन मिलाकर टीम का कुल स्कोर तय होगा।

चारों महाद्वीपीय टीमों में 40-40 खिलाड़ी होंगे। प्रत्येक टीम में 20 लड़कियां और 20 लड़के शामिल रहेंगे। हर मुकाबला एक ही दिन में खेला जाएगा और इसमें लाल तथा सफेद, दोनों गेंदों का इस्तेमाल होगा।

प्रत्येक टीम को दो बार बल्लेबाजी करने का मौका मिलेगा। मुकाबले के शुरुआती 40 ओवर दिन के समय सफेद पोशाक में लाल गेंद से खेले जाएंगे। इसके बाद अंतिम 40 ओवर रंगीन पोशाक में सफेद गेंद से एसएससी की दुधिया रोशनी में खेले जाएंगे।

आयोजकों से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, पहले चरण में बनाए गए रन दूसरे चरण में भी जुड़ते रहेंगे। इस प्रारूप की सबसे खास बात इसका ‘पैरिटी रूल’ यानी समानता का नियम है, जिसके तहत लड़कियों और लड़कों के प्रदर्शन एक दूसरे के जीत या हार तय करेंगे।

‘टेस्ट ट्वेंटी’ के संस्थापक और ‘पैरिटी रूल’ के लेखक गौरव बहिरवानी ने कहा कि समानता का सिद्धांत सिर्फ खेल के नियमों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रसारण में भी लड़कियों और लड़कों को बराबर समय दिया जाएगा।

टूर्नामेंट के सलाहकार बोर्ड में एबी डिविलियर्स, मैथ्यू हेडन और सर क्लाइव लॉयड जैसे दिग्गज क्रिकेटरों को शामिल किया गया है।

दिल्ली के प्रसिद्ध क्रिकेट कोच राजकुमार शर्मा ‘ग्लोबल सिलेक्शन कमेटी’ की अध्यक्षता करेंगे, जबकि टूर्नामेंट के संचालन की जिम्मेदारी माइक फोर्डहम संभालेंगे।

भाषा आनन्द मोना

मोना