Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

ईएफआई को निलंबित करेगा एफईआई, भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में नहीं ले सकेंगे हिस्सा

(अमनप्रीत सिंह)

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) अंतरराष्ट्रीय घुड़सवारी महासंघ (एफईआई) ने लंबे समय से जारी प्रशासनिक संकट के कारण भारतीय घुड़सवारी महासंघ (ईएफआई) को एक दिसंबर से निलंबित करने का फैसला किया है।

इस फैसले के बाद निलंबन की अवधि के दौरान भारतीय घुड़सवार, अधिकारी, ट्रेनर और घोड़े अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।

ईएफआई की तदर्थ समिति के सदस्य लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) संदीप दीवान और अधिवक्ता विदुष्पत सिंघानिया को 15 अक्टूबर को लिखे पत्र में एफईआई ने बताया कि उसके बोर्ड ने 13 अक्टूबर को ऑनलाइन बैठक में यह फैसला लिया।

पत्र में कहा गया, ‘‘13 अक्टूबर 2026 को हुई एफईआई बोर्ड की ऑनलाइन बैठक के बाद सूचित किया जाता है कि बोर्ड ने भारतीय घुड़सवारी महासंघ को निलंबित करने का फैसला किया है। यह निलंबन एक दिसंबर 2026 से प्रभावी होगा। ’’

इस पत्र की एक प्रति पीटीआई के पास है।

एफईआई ने फैसले के कारणों को स्पष्ट करते हुए कहा कि फरवरी में दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा ईएफआई की कार्यकारी समिति को भंग किए जाने और उसके बाद नए चुनाव नहीं होने के कारण प्रशासनिक संकट लंबे समय से बना हुआ है।

पत्र में कहा गया, ‘‘फरवरी 2026 में दिल्ली उच्च न्यायालय ने ईएफआई की कार्यकारी समिति को भंग कर दिया था। इस समिति का निर्वाचित कार्यकाल सितंबर 2023 में समाप्त हो चुका था। इसके बाद नयी कार्यकारी समिति के चुनाव नहीं होने से प्रशासन और नेतृत्व से जुड़ी अनियमितता लंबे समय तक बनी रही जिसे अब और जारी नहीं रखा जा सकता। ’’

एफईआई ने 27 सितंबर को ईएफआई की तदर्थ समिति की ओर से दिए गए स्पष्टीकरण को स्वीकार किया। उसने भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) द्वारा 27 मार्च को गठित किए जाने के बाद से समिति की ओर से किए गए कार्यों की सराहना भी की।

अंतरराष्ट्रीय महासंघ ने कहा कि ईएफआई की कार्यकारी समिति के चुनाव 31 जनवरी 2027 तक होने की उम्मीद है। हालांकि, उसने स्पष्ट किया कि निलंबन की समीक्षा चुनाव संपन्न होने और उनकी प्रक्रिया का मूल्यांकन किए जाने के बाद ही की जाएगी।

निलंबन के दौरान लगाए गए प्रतिबंध केवल राष्ट्रीय महासंघ तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि इसका असर भारतीय खिलाड़ियों और घोड़ों पर भी पड़ेगा।

पत्र के अनुसार, ‘‘एफईआई के संविधान के अनुच्छेद 8.4 के तहत निलंबन की अवधि के दौरान भारतीय महासंघ एफईआई की किसी भी इकाई के सत्र या बैठक में शामिल नहीं हो सकेगा और न ही उसका प्रतिनिधित्व कर सकेगा। इसके अलावा, वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन भी नहीं कर सकेगा। ’’

इसमें कहा गया, ‘‘उसके सदस्य (खिलाड़ी, अधिकारी और ट्रेनर) और उसके घोड़े एफईआई या किसी अन्य राष्ट्रीय महासंघ द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। यह प्रतिबंध भारतीय ध्वज या एफईआई के ध्वज के तहत भाग लेने, दोनों पर लागू होगा। ’’

इस फैसले से भारत की अंतरराष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिताओं में भागीदारी प्रभावित होगी। भारतीय महासंघ का निलंबन तभी हट सकेगा, जब प्रशासनिक संकट का समाधान हो जाएगा और एफईआई चुनाव प्रक्रिया का मूल्यांकन कर लेगा।

भाषा नमिता मोना

मोना