Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

आईडीबीआई बैंक का रणनीतिक विनिवेश मार्च, 2027 तक पूरा होने की उम्मीद: दीपम सचिव

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) निवेश एवं लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) के सचिव अरुणीश चावला ने आईडीबीआई बैंक का रणनीतिक विनिवेश चालू वित्त वर्ष के अंत तक पूरा होने की उम्मीद जताई है। हालांकि, उन्होंने कहा कि इसके लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की नियामकीय मंजूरी जरूरी होगी।

चावला ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक विनिवेश पर 'पीटीआई-भाषा' के साथ बातचीत में कहा कि विनिवेश प्रक्रिया के सफल बोलीदाता को आरबीआई के समक्ष तकनीकी दस्तावेज और अपनी साख से जुड़े विवरण रखने होंगे।

उन्होंने कहा कि आरबीआई की मंजूरी मिलने के बाद शेयर खरीद समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। फिर सौदे को वित्त वर्ष 2026-27 के अंत से पहले पूरा करने का रास्ता साफ हो जाएगा।

चावला ने कहा कि सौदे में अल्पांश और खुदरा शेयरधारकों के हितों की पूरी रक्षा की जाएगी। शेयर खरीद समझौते पर हस्ताक्षर के बाद रणनीतिक खरीदार को नियामकीय प्रावधानों के तहत अल्पांश शेयरधारकों के लिए खुली पेशकश करनी होगी, ताकि उन्हें अपने शेयर बेचने का अवसर मिल सके।

उन्होंने बताया कि बाजार नियामक ने भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) को विनिवेश के बाद आईडीबीआई बैंक में अपनी हिस्सेदारी 19 प्रतिशत से घटाकर 15 प्रतिशत करने का निर्देश दिया है। इससे बैंक में आम निवेशकों और अन्य सार्वजनिक शेयरधारकों के लिए उपलब्ध शेयरों की संख्या चार प्रतिशत अंक बढ़ जाएगी।

सरकार ने बुधवार को कनाडा की कंपनी फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स को आईडीबीआई बैंक में 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 53,000 करोड़ रुपये में बेचने की मंजूरी दी थी। यह किसी भारतीय बैंक में अब तक का सबसे बड़ा विदेशी निवेश होगा।

फेयरफैक्स सरकार की 30.48 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 26,620 करोड़ रुपये में और एलआईसी की 30.24 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 26,440 करोड़ रुपये में खरीदेगी।

कनाडा के उद्योगपति प्रेम वत्स के नेतृत्व वाली फेयरफैक्स प्रति शेयर 81 रुपये का भुगतान करेगी, जो दो स्वतंत्र मूल्यांकन एजेंसियों द्वारा तय 75.99 रुपये प्रति शेयर के उचित मूल्य से अधिक है।

बैंक कर्मचारियों की तरफ से जताई जा रही चिंताओं पर दीपम सचिव ने कहा कि मौजूदा कर्मचारियों की सेवा शर्तों की पूरी तरह रक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा, ''आईडीबीआई बैंक एक बैंकिंग कंपनी है, जिसका पुनर्गठन एक चालू संस्थान के रूप में किया जा रहा है।''

चावला ने कहा कि आईडीबीआई बैंक का पुनर्गठन अब तक का सबसे बड़ा रणनीतिक सौदा है और इससे सबसे बड़ा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) आएगा।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण