इस्लामाबाद, 16 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान को वर्ष 2027 के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और विश्व बैंक समूह (डब्ल्यूबीजी) के संचालन मंडल का अगला प्रमुख नामित किया गया है। देश के आर्थिक मामलों के मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि पाकिस्तान 1953 के बाद पहली बार इस पद पर लौटा है।
आर्थिक मामलों के मंत्री और विश्व बैंक में पाकिस्तान के गवर्नर अहद खान चीमा को बैंकॉक में आयोजित डब्ल्यूबीजी-आईएमएफ वार्षिक बैठक 2026 के पूर्ण सत्र के दौरान औपचारिक रूप से आगामी प्रमुख घोषित किया गया।
मंत्रालय ने इस घटनाक्रम को एक मील का पत्थर करार दिया और कहा कि यह अध्यक्षता पाकिस्तान को वैश्विक आर्थिक एवं विकास संबंधी चर्चाओं में योगदान देने और सदस्य देशों के बीच रचनात्मक संवाद को सुगम बनाने का अवसर प्रदान करेगी।
आईएमएफ-विश्व बैंक की वार्षिक बैठक 12 से 18 अक्टूबर तक हो रही है और इसमें 191 देशों के 15,000 से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
पाकिस्तान सात अरब अमेरिकी डॉलर की विस्तारित निधि सुविधा (ईएफएफ) और 1.4 अरब अमेरिकी डॉलर की सुदृढ़ता एवं स्थिरता सुविधा (आरएसएफ) के तहत अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ बातचीत कर रहा है।
पाकिस्तान भुगतान संतुलन की अपनी जरूरतों को पूरा करने और आर्थिक सुधारों को समर्थन देने के लिए ईएफएफ के तहत ऋण ले रहा है, जबकि आरएसएफ देश को जलवायु संबंधी जोखिमों से निपटने और अपनी क्षमता को मजबूत करने के लिए दीर्घकालिक वित्तपोषण देता है।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण