Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

केरलम विधानसभा की ओर भाजपा-युवा मोर्चा का मार्च हिंसक हुआ; पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े

तिरुवनंतपुरम, 16 अक्टूबर (भाषा) लोक सेवा आयोग (पीएससी) में कथित अनियमितताओं और नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को केरलम विधानसभा की ओर भाजपा-युवा मोर्चा के मार्च के दौरान हिंसा भड़क उठी और प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े एवं पानी की बौछार की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और युवा मोर्चा ने सरकारी नौकरियों में भर्ती में देरी समेत केरलम लोक सेवा आयोग में कथित अनियमितताओं के विरोध में यह मार्च निकाला।

मुख्यमंत्री रहते हुए कोचिन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) से कथित तौर पर भुगतान प्राप्त करने के मामले में विजयन और उनके परिवार के खिलाफ सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) द्वारा मामले दर्ज किए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने उनके इस्तीफे की मांग की।

महिलाओं सहित भाजपा और युवा मोर्चा के 200 से अधिक कार्यकर्ताओं ने विधानसभा की ओर मार्च किया। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए रास्ते में बैरिकेड लगाए थे।

अधिकारियों ने बताया कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाने और उन पर चढ़ने की कोशिश की जिसके बाद पुलिस ने कई बार पानी की बौछारें कीं। प्रदर्शनकारियों के विरोध जारी रखने पर पुलिस ने उन्हें चेतावनी दी कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों के वहां से हटने से इनकार करने पर पुलिस ने आंसू गैस के दो गोले दागे।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बिना किसी उकसावे के आंसू गैस का इस्तेमाल किया। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के कई कार्यकर्ता और प्रदर्शन को कवर कर रहे एक पत्रकार घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों को पास के एक अस्पताल में ले जाया गया।

भाजपा ने इस महीने के अंत में केरल विधानसभा सत्र के खत्म होने तक कई विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है।

भाषा आशीष नरेश

नरेश