Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

मिजोरम की स्ट्रॉबेरी किसान को रोम में संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी ने सम्मानित किया

आइजोल, 16 अक्टूबर (भाषा) म्यांमा सीमा के पास मिजोरम के एक सुदूर गांव की 35 वर्षीय शिक्षिका से स्ट्रॉबेरी किसान बनी महिला को फल की खेती के एक छोटे से प्रयोग को लाभदायक आजीविका में बदलने के लिए रोम में संयुक्त राष्ट्र की खाद्य एजेंसी ने सम्मानित किया है।

खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) ने ‘अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष 2026’ के तहत लॉन्गतलाई जिले के सांगाऊ गांव की रहने वाली मारी जेडटी लालरिथांगी को यह सम्मान दिया गया है।

लालरिथांगी यह सम्मान पाने वाली पहली मिजो महिला हैं। उनका चयन 131 देशों से प्राप्त 600 से अधिक नामांकनों में से किया गया। इस सम्मान के लिए भारत की दो महिलाओं का चयन हुआ है।

यह पुरस्कार 15 अक्टूबर को रोम स्थित एफएओ मुख्यालय में आयोजित विश्व खाद्य मंच में प्रदान किया गया।

लालरिथांगी ने शुक्रवार को रोम से फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘यह सम्मान पाकर मैं बेहद खुश हूं। मैं ईश्वर और उन सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने मुझे यह सम्मान दिलाने में मदद की।’’

उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय ईश्वर के मार्गदर्शन, अपने परिवार के सहयोग और राज्य के बागवानी विभाग को दिया।

लालरिथांगी ने पड़ोसी सियाहा जिले में स्ट्रॉबेरी की सफल खेती करने वाले किसानों के बारे में जानने के बाद 2024 में इसकी खेती के प्रयोग शुरू किए थे।

लालरिथांगी ने सांगाऊ से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित खेत में लगभग 1,000 पौधों से खेती शुरू की थी। बाद में उन्होंने इसका विस्तार करते हुए दो हेक्टेयर क्षेत्र में 10,000 से अधिक पौधे लगाए।

महिला किसान ने पहले वर्ष में करीब 1.5 लाख रुपये की कमाई की, जबकि 2025 में स्ट्रॉबेरी की खेती से उनकी आय 10 लाख रुपये से अधिक हो गई।

भाषा शफीक मनीषा

मनीषा