(फाइल फोटो के साथ)
तिरुवनंतपुरम, 16 अक्टूबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को सीएमआरएल से संबद्ध धनशोधन मामले में 23 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि ये समन धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जारी किए गए हैं। निदेशालय ने केरलम पुलिस की हालिया प्राथमिकी का संज्ञान लेते हुए यह मामला दर्ज किया है।
अधिकारियों ने बताया कि विजयन को 23 अक्टूबर को कोच्चि में ईडी कार्यालय में पेश होने को कहा गया है।
केरलम सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) ने हाल में कथित सीएमआरएल रिश्वत मामले के सिलसिले में विजयन और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की हैं।
केरल उच्च न्यायालय ने नौ अक्टूबर को ब्यूरो को निर्देश दिया था कि वह ईडी द्वारा केरलम पुलिस को सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज करे।
प्रवर्तन निदेशालय ने धनशोधन रोधी कानून के तहत की गई जांच और तलाशी के दौरान जुटाए गए सबूतों के आधार पर मामला दर्ज करने की मांग की है।
ईडी ने आरोप लगाया है कि सीएमआरएल ने ‘आईटी कंसल्टेंसी सेवाओं की आड़ में, विजयन की बेटी वीणा की कंपनी 'एक्सलॉजिक सॉल्यूशंस' (जो अब बंद हो चुकी है) को 2.78 करोड़ रुपये का फर्जी भुगतान किया।
शुक्रवार को, विजयन ने प्राथमिकी दर्ज करने के केरल उच्च न्यायलाय के आदेश को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी।
भाषा
राजकुमार नरेश
नरेश