ब्रह्मपुर (ओडिशा), 16 अक्टूबर (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-59 पर हाल में हुए सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इलाज के दौरान दो और घायलों की मौत हो गई जिससे मृतक संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
पुलिस ने बताया कि बुधवार को यह दुर्घटना चमाखंडी चौक पर हुई, जब ट्रक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ट्रक ने कई दोपहिया वाहनों तथा एक कार को टक्कर मार दी।
चमाखंडी थाने की प्रभारी एस. सुबुद्धि ने बताया कि मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी बिनोद कुमार (40) और जिले के नौली गांव निवासी लक्ष्मीधर गौड़ा (45) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि दोनों की बृहस्पतिवार को यहां एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में 42 वर्षीय महिला रोजालिनी मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई थी।
अस्पताल की अधीक्षक सुदीपा दास ने बताया कि अन्य आठ घायलों का एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज किया जा रहा है और इनमें से दो की हालत गंभीर है और उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती किया गया है।
भाषा देवेंद्र संतोष
संतोष