Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

भाजपा ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर आंबेडकर निगम फंड में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया

(फाइल फोटो के साथ)

बेंगलुरु, 16 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता आर. अशोक ने शुक्रवार को कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर ‘डॉ. बी. आर. आंबेडकर विकास निगम’ में 14.95 करोड़ रुपये के कथित घोटाले को लेकर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि पहले ‘महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम’ में 187 करोड़ रुपये की लूट हुई और अब ‘डॉ. बी.आर. आंबेडकर विकास निगम’ में ऐसा ही हुआ है।

कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता अशोक ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में 14 अक्टूबर की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एक प्रेस विज्ञप्ति का जिक्र करते हुए दावा किया कि इससे कर्नाटक कांग्रेस सरकार के तहत एक और बड़े वित्तीय घोटाले का पर्दाफाश हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि ‘‘डॉ. बी.आर. आंबेडकर विकास निगम (एडीसीएल) की 14.95 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि को फर्जी चालू खातों, जाली दस्तावेजों और सावधि जमा को समय से पहले बंद करके हड़प लिया गया।’’

उन्होंने यह पोस्ट राहुल गांधी को टैग करते हुए सवाल किया, ‘‘क्या इसी को वह 'न्याय' कहते हैं?’’

अशोक द्वारा ‘एक्स’ पर साझा की गई ईडी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, केंद्रीय एजेंसी ने पांच अक्टूबर को बेंगलुरु की विशेष (पीएमएलए) अदालत में पांच आरोपियों के खिलाफ एक पूरक अभियोजन शिकायत दायर की।

ईडी की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की भ्रष्टाचार-रोधी शाखा (बेंगलुरु) की प्राथमिकी के आधार पर शुरू की गयी है। सीबीआई ने भादंसं और ‘भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम, 1988' की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।

अशोक ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि एक तरफ वह देश को सामाजिक न्याय पर उपदेश देते हैं, तो दूसरी तरफ कर्नाटक में कांग्रेस सरकार अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के उत्थान के लिए आवंटित फंड को ‘व्यवस्थित तरीके से लूट’ रही है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘सबसे पहले, वाल्मीकि समुदाय के लिए निर्धारित 187 करोड़ रुपये गायब हो गए और अब डॉ. बी. आर. आंबेडकर के नाम पर दलित विकास के लिए रखे गए फंड में हेराफेरी की गई है।’’

भाजपा नेता ने मांग की कि राहुल गांधी को कर्नाटक की जनता को जवाब देना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस के शासनकाल में राज्य के खजाने और दलित कल्याण कोष को कथित तौर पर लूटा जा रहा है, तो कांग्रेस नेतृत्व इस पर पूरी तरह चुप क्यों है?

अशोक ने चेतावनी दी कि कर्नाटक में भाजपा तब तक चैन से नहीं बैठेगी, जब तक कि इन घोटालों में शामिल हर एक व्यक्ति को सजा नहीं मिल जाती।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश