नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार पर शुक्रवार को निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में मादक पदार्थों की समस्या ‘‘चिंताजनक स्तर’’ पर पहुंच गई है और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मादक पदार्थों के माफिया के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जरूरत है।
नवीन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा कर मानसा में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या सहित हाल की कुछ घटनाओं का जिक्र किया और कहा कि इनसे पंजाब में कानून-व्यवस्था के चरमराने को लेकर गंभीर सवाल उठते हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘पंजाब में मादक पदार्थों की समस्या चिंताजनक स्तर पर पहुंच गई है।’’
उन्होंने कहा कि पंजाब में मादक पदार्थों के माफिया के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की जरूरत है।
नवीन ने कहा, ‘‘पंजाब के लोग जवाबदेही और एक ऐसी सरकार के हकदार हैं जो उन्हें सुरक्षित रख सके।’’
उन्होंने कहा कि मानसा में झोटा की गोली मारकर हत्या किए जाने के महज दो दिन बाद गुरदासपुर में 40 वर्षीय बिक्रमजीत सिंह की हत्या से ‘आप’ सरकार के शासन में कानून-व्यवस्था के चरमराने को लेकर ‘‘गंभीर सवाल’’ उठते हैं।
नवीन ने सवाल किया, ‘‘पंजाब ये कैसे मोड़ पर आ गया है कि मादक पदार्थों के खिलाफ आवाज उठाने वाले समाज के प्रमुख लोगों को अपनी जान का डर सताने लगा है?’’
झोटा नशे की लत और दवा की दुकानों पर मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जाने जाते थे। मंगलवार को मानसा में दिनदहाड़े दवा की एक दुकान के अंदर गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी।
भाषा सिम्मी मनीषा
मनीषा