Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

जम्मू कश्मीर के पुंछ में सुरक्षाबलों एवं पुलिस ने कई तलाशी अभियान शुरू किये

मेंढर/जम्मू, 16 अक्टूबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजामों के तहत शुक्रवार को सुरक्षा बलों और पुलिस ने चार जगहों पर तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

ये तलाशी अभियान, पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पार एक संदिग्ध आईईडी विस्फोट में पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के चार संदिग्ध आतंकवादियों के मारे जाने और उसके बाद मंगलवार को सथरबन के जंगलों में आतंकवादियों के एक ठिकाने का भंडाफोड़ होने के ठीक बाद शुरू किये गये हैं।

इस हफ्ते आतंकी ठिकाने से एक स्वचालित राइफल, छह हथगोले तथा गोला-बारूद बरामद किये गये थे।

अधिकारियों के अनुसार, गुरसाई के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने मेंढर उपसंभाग के गुरसाई-हारूनी-बैधर इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया।

कश्मीर मोहल्ला, बेहरी जंगल और आसपास के इलाकों में एसओजी मेंढर और सेना की राष्ट्रीय राइफल्स ने एक अन्य संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया।

एसओजी मनकोट ने मनकोट पुलिस चौकी क्षेत्र के मंगलानू-चिल्ला वन में भी एक तलाशी अभियान शुरू किया।

अधिकारियों ने बताया कि इन अभियानों का उद्देश्य सुरक्षा को मजबूत करना और सीमावर्ती जिले में आतंकवादियों की संभावित गतिविधियों पर नजर रखना है।

भाषा राजकुमार मनीषा

मनीषा