Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

ओडिशा के राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने नवीन पटनायक को 80वें जन्मदिन पर दी बधाई

भुवनेश्वर, 16 अक्टूबर (भाषा) ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने शुक्रवार को बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक को उनके 80वें जन्मदिन पर बधाई दी।

ओडिशा के पांच बार मुख्यमंत्री रहे पटनायक का जन्म 16 अक्टूबर 1946 को कटक में हुआ था।

राज्यपाल कंभमपति ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान जगन्नाथ से आपके दीर्घायु और सुखी जीवन की प्रार्थना करता हूं।’’

मुख्यमंत्री माझी ने भी पटनायक को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘विपक्ष के सम्मानित नेता नवीन पटनायक को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं भगवान जगन्नाथ से आपके अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखी जीवन की प्रार्थना करता हूं।’’

बीजद ने जन्मदिन की बधाई देते हुए पटनायक को ‘‘देश का नायक’’ और ‘‘करोड़ों ओड़िया लोगों की धड़कन’’ बताया।

पार्टी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उनका परिवार साढ़े चार करोड़ ओड़िया लोग हैं। सेवा और विकास उनकी पहचान हैं। हर ओड़िया को साथ लेकर चलने और ओडिशा को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के उनके अथक प्रयासों की पूरी दुनिया सराहना कर रही है।’’

दो बार ओडिशा के मुख्यमंत्री रहे बीजू पटनायक के बेटे नवीन पटनायक ने 1967 में दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी। तब वह राजनीति से दूर रहे, लेखक बने और कई वर्षों तक विदेश में रहे।

वह 1997 में अपने पिता के निधन से पहले भारत लौट आए थे।

नवीन पटनायक पहली बार अपने पिता की सीट अस्का से लोकसभा उपचुनाव जीतकर सांसद बने। इसके बाद उन्होंने कुछ समय तक केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य किया और वर्ष 2000 में ओडिशा के मुख्यमंत्री बने।

उनके द्वारा गठित बीजद ने अगले 24 वर्षों तक राज्य में सत्ता संभाली, लेकिन 2024 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से हार गई।

पटनायक लगातार पांच कार्यकाल तक ओडिशा के मुख्यमंत्री रहे।

वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में वह अपनी पारंपरिक हिंजिली सीट से फिर निर्वाचित हुए, लेकिन बोलांगीर जिले की कांटाबांजी सीट से हार गए। वह 2024 से राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं।

भाषा मनीषा

मनीषा