कोलकाता, 16 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) पर नवरात्र और दुर्गा पूजा के दौरान दिल्ली में तिरंगा मार्च निकालकर उत्सव में खलल डालने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कहा कि इस समय हो रहे राजनीतिक विरोध-प्रदर्शन देश में तनाव पैदा कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा कि भारत में धार्मिक त्योहार मनाने की परंपरा है। उन्होंने मार्च के आयोजकों पर लोगों को शांतिपूर्वक उत्सव मनाने से रोकने का आरोप लगाया।
घोष ने कहा, ‘‘भारत एक धार्मिक देश है। यहां की परंपरा रही है कि देशभर में नवरात्र और दुर्गा पूजा का उत्सव मनाया जाता है। राजनीतिक विरोध-प्रदर्शन करके वे लोगों के उत्सव में खलल डाल रहे हैं और देश में तनाव फैला रहे हैं। जनता उन्हें जवाबदेह ठहराएगी।’’
उनकी यह टिप्पणी मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग के समर्थन में दिल्ली में कॉजपा के ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच आई है।
दिल्ली स्थित कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में कॉजपा के प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में दिल्ली पुलिस के 6,000 से अधिक कर्मियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की 220 कंपनियों को तैनात किया गया है।
भाषा खारी वैभव
वैभव