जकार्ता, 16 अक्टूबर (एपी) इंडोनेशिया के जावा द्वीप स्थित ब्रोमो टेंगर सेमेरू राष्ट्रीय उद्यान में जंगल की आग बुझाने के दौरान घने धुएं और तेजी से फैलती लपटों में फंसने से चार लोगों की मौत हो गई और दो स्वयंसेवक गंभीर रूप से झुलस गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पूर्वी जावा प्रांत के प्रोबोलिंगो जिले में स्थित उद्यान के मेंटिजेन और पुशुंग लिंगकर क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों में आग लगी थी। बृहस्पतिवार को आग पर काबू पाने में जुटी 12 सदस्यीय टीम इसके बीच फंस गई।
पूर्वी जावा पुलिस के प्रवक्ता जूल्स अब्राहम अबास्ट ने बताया कि टीम में उद्यान के कर्मचारी, सामुदायिक अग्निशमन दल के सदस्य और स्थानीय स्वयंसेवक शामिल थे। तेज हवाओं के कारण आग सूखी वनस्पति में तेजी से फैल गई।
उन्होंने कहा कि दोपहर करीब डेढ़ बजे खतरे वाले क्षेत्र से बाहर काम कर रहे दमकलकर्मियों को अपने साथियों का आपातकालीन संदेश मिला। बचावकर्मियों को बाद में निकासी स्थल पर तीन लोगों के शव मिले और तीन अन्य गंभीर रूप से झुलसे हुए पाए गए। इनमें से एक व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। छह अन्य लोग सुरक्षित बच निकले।
दो झुलसे स्वयंसेवकों का सुरबाया स्थित डॉ. सोएटोमो जनरल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रोबोलिंगो की पुलिस प्रमुख अस्मिदा रिज्की सिरेगर ने बताया कि घटना दूरदराज के पहाड़ी क्षेत्र में हुई, जहां खड़ी ढलान के कारण वाहन नहीं पहुंच सके। बचावकर्मियों को लोगों को स्ट्रेचर पर करीब दो किलोमीटर तक ले जाना पड़ा। अधिकारियों ने घटना में संभावित लापरवाही या आपराधिक कृत्य की जांच शुरू कर दी है।
इंडोनेशिया के वानिकी मंत्रालय के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम तक देशभर में आग के 799 हॉटस्पॉट दर्ज किए गए, जबकि एक दिन पहले इनकी संख्या 372 थी। मंत्रालय ने बताया कि जनवरी से जुलाई के बीच देश में 2,020 वर्ग किलोमीटर से अधिक भूमि जल गई थी।
जंगलों की आग से उठने वाला जहरीला धुआं पड़ोसी देशों तक पहुंच रहा है। मलेशिया ने हवा की गुणवत्ता खराब होने के कारण शुक्रवार को कई राज्यों में सैकड़ों स्कूल बंद करने का आदेश दिया। सिंगापुर ने भी धुएं से निपटने के लिए क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने की अपील की है।
भाषा वैभव
वैभव