Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

नोएडा में पुलिस मुठभेड़ के बाद दो कुख्यात अपराधी गिरफ्तार

नोएडा (उत्तर प्रदेश), 16 अक्टूबर (भाषा) नोएडा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया है जिनके खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 92 मुकदमे दर्ज हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, आरोपियों की पहचान दिल्ली के भजनपुरा निवासी सलमान (29) और तनवीर (37) के रूप में हुई है तथा उनके पास से एक देसी तमंचा, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये से अधिक बरामद किए गए हैं।

अपर पुलिस उपायुक्त अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार की मध्य रात्रि को सेक्टर-39 थाने की पुलिस बदमाशों की तलाश में जांच कर रही थी तभी सेक्टर-41 के पास मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए।

उन्होंने बताया कि पुलिस दल ने दोनों को रुकने का इशारा दिया, लेकिन वे तेज गति से मोटरसाइकिल चलाते हुए भागने लगे। इसी बीच सड़क पर जलभराव के कारण उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई और दोनों गिर पड़े।

मिश्रा ने दावा किया, ‘‘खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस दल पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई।’’

उन्होंने बताया कि पुलिस ने भी जवाबी गोलीबारी की। इस दौरान पैर में गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए जिसके बाद पुलिस दल ने उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।

अपर पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘‘पूछताछ के दौरान बदमाशों ने सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति से सोने की चेन लूटने की बात स्वीकार की है। सलमान के खिलाफ पहले से 48 और तनवीर के खिलाफ 44 मुकदमे दर्ज हैं।’’

उन्होंने बताया कि दोनों बदमाश राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में लूटपाट करते थे।

भाषा सं खारी

खारी