Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

पाकिस्तान से जुड़े जासूसी मामले में आंध्र प्रदेश पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया

अमरावती, 15 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान की खुफिया एजेंट (पीआईओ) से जुड़े कथित जासूसी की साजिश के मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान बोंगू रवि और कादरी श्रीनिवास के रूप में हुई है।

एक खुफिया अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘आंध्र प्रदेश पुलिस के खुफिया रोधी प्रकोष्ठ ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंट (पीआईओ) से जुड़े जासूसी मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या चार हो गई है।’’

जांच में पता चला कि ‘एंजेल पायल’ नाम का इस्तेमाल करने वाली एक अज्ञात महिला ने 2023 में फेसबुक के जरिए रवि से संपर्क किया था। रवि विशाखापत्तनम स्थित नौसेना डॉकयार्ड में एक इंजीनियरिंग कंपनी में काम करता है। महिला ने दावा किया था कि वह दुबई की एक शिपिंग कंपनी में काम करती है।

अधिकारी के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर रवि को पैसे के बदले नौसेना डॉकयार्ड में मौजूद जहाजों और पनडुब्बियों के बारे में जानकारी साझा करने के लिए उकसाया। रवि और उसके सहकर्मी श्रीनिवास ने कथित तौर पर मिलीभगत करके प्रतिबंधित रक्षा प्रतिष्ठान में मौजूद जहाजों और पनडुब्बियों की संख्या से जुड़ी जानकारी महिला के साथ साझा की।

जांच में यह भी सामने आया कि रवि को महिला से उसके बैंक खाते में पैसे मिले और उसने बाद में उनमें से कुछ रकम श्रीनिवास को दी।

इस मामले में 12 अक्टूबर, 2025 को विशाखापत्तनम के मालकापुरम पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता और सरकारी गोपनीयता अधिनियम, 1923 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

रवि को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था, जबकि 11 अक्टूबर, 2025 को सऊदी अरब गए श्रीनिवास के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी।

भाषा सुरभि प्रशांत

प्रशांत