जम्मू, 15 अक्टूबर (भाषा) जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में एक पुलिस चौकी से अपने हथियार के साथ घर लौट रहा 54 वर्षीय एक विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) लापता हो गया। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने उसकी तलाश के लिए एक व्यापक अभियान शुरू किया है।
उन्होंने बताया कि बशीर अहमद बुधवार तड़के पुलिस चौकी से निकले थे लेकिन त्रिगाम गांव स्थित अपने घर नहीं पहुंचे। इसके बाद उनके परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
अधिकारियों के मुताबिक, लापता होने के समय अहमद के पास एक हथियार था।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तलाशी अभियान की निगरानी की।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत