नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार ने निर्माण कार्यों में लगी महिला श्रमिकों का जीवन आसान बनाने के लिए निरंतर कई पहल शुरू की हैं।
उन्होंने कहा, “हमारी सरकार पालना घर, अटल कैंटीन, दिल्ली लक्ष्मी योजना और पिंक सहेली कार्ड जैसी सुविधाओं के माध्यम से उनका जीवन आसान बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उनकी प्रगति और उनके परिवारों की खुशहाली के लिए हमारी सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।”
दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने महिला श्रमिकों के स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए बृहस्पतिवार को एक कार्यक्रम आयोजित किया।
एक बयान के अनुसार, दिल्ली की मुख्यमंत्री गुप्ता और राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर राहटकर ने महिला श्रमिकों को पोषण किट वितरित किये।
‘कर्मयोगिनी : मजबूती के लिए पोषण, प्रगति के लिए जागरूकता’ कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने महिला श्रमिकों से बातचीत की और संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, सुरक्षित कार्यस्थल तथा कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता के महत्व पर जोर दिया।
भाषा नोमान प्रशांत
प्रशांत