Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

अमेरिका: चुनाव और संसदीय कार्यालयों को ‘संदिग्ध पदार्थों’ वाले पत्र भेजे गए,जांच में जुटे अधिकारी

वाशिंगटन, 15 अक्टूबर (एपी) अमेरिका में संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के अधिकारी संसदीय और चुनाव कार्यालयों को डाक से भेजे गए ‘संदिग्ध पदार्थों’ से युक्त पत्रों की जांच कर रहे हैं।

अधिकारी इन पत्रों को प्राप्त करने वालों से उन्हें ‘संभावित रूप से खतरनाक’ मानने की अपील कर रहे हैं।

अमेरिकी संसद के उच्च सदन (सीनेट) को इस जांच के बारे में जानकारी सीनेट के ‘सार्जेंट एट आर्म्स’ ने दी।

समाचार एजेंसी ‘एपी’ को यह संदेश बृहस्पतिवार को मिला। ये पत्र चुनाव दिवस से महज तीन सप्ताह पहले भेजे गए हैं।

इन पत्रों ने वर्ष 2023 में सामने आए ऐसे ही एक अन्य खतरे की याद दिला दी है, जब कई चुनाव कार्यालयों को शक्तिशाली ‘ओपिओइड फेंटानिल’ वाले लिफाफे मिले थे।

पाउडर जैसे पदार्थ वाले डाक पैकेट मिलने के बाद इस सप्ताह कम से कम दो राज्यों (लुइसियाना और ओकलाहोमा) में चुनाव कार्यालयों को खाली कराना पड़ा।

ओहायो के राज्य सचिव ने बताया कि डाक सेवा ने उनके कार्यालय को भेजे गए सफेद पाउडर वाले एक पैकेट को बीच रास्ते में ही रोक दिया। उन्होंने कहा कि कई राज्यों के चुनाव अधिकारियों को भी इसी तरह के पैकेट भेजे गए हैं।

‘नेशनल एसोसिएशन ऑफ सेक्रेटरीज ऑफ स्टेट’ और ‘नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्टेट इलेक्शन डायरेक्टर्स’ ने संयुक्त बयान जारी कर इस कृत्य की निंदा की और इसे चुनाव कर्मचारियों के खिलाफ धमकी करार दिया।

एपी संतोष प्रशांत

प्रशांत