Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

अहमदाबाद के गरबा कार्यक्रम से 'गैर-हिंदुओं' को जाने के लिए कहा गया

अहमदाबाद, 15 अक्टूबर (भाषा) नवरात्रि उत्सव के दौरान अहमदाबाद में एक गरबा कार्यक्रम में गैर-हिंदुओं और मुसलमानों को वहां से चले जाने के लिए कहे जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया। इस कार्यक्रम से जुड़े गुजराती लोक गायक आदित्य गढ़वी ने इस घोषणा से खुद को अलग करते हुए कहा कि यह संदेश उनकी ओर से नहीं दिया गया था।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कार्यक्रम के एंकर और रेडियो जॉकी (आरजे) आकाश त्रिवेदी बुधवार को शहर के शेला रोड स्थित सवाना पार्टी प्लॉट में आयोजित ‘रंग मोरला’ कार्यक्रम के मंच से गैर-हिंदुओं से बाहर जाने का अनुरोध करते सुनाई देते हैं। गढ़वी इस कार्यक्रम में प्रस्तुति दे रहे थे।

वीडियो में त्रिवेदी को यह कहते हुए सुना जा सकता है, 'किसी भी 'विधर्मी' (गैर-हिंदू) और मुसलमानों से विनम्र अनुरोध है कि वे मैदान से चले जाएं। विश्व हिंदू परिषद यहां सनातन धर्म की रक्षा के लिए आई है।'

उन्होंने ऐसे लोगों की सूचना देने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर की भी घोषणा की।

गुजरात विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के प्रवक्ता हितेंद्रसिंह राजपूत ने इस घोषणा का बचाव करते हुए कहा कि यह राज्य में गरबा कार्यक्रमों के दौरान बजरंग दल के स्वयंसेवकों द्वारा की जाने वाली नियमित गतिविधि का हिस्सा है।

राजपूत ने पीटीआई-भाषा से कहा, “आमतौर पर विहिप की युवा शाखा बजरंग दल के कार्यकर्ता अहमदाबाद में गरबा कार्यक्रमों में जाते हैं और आयोजकों से मिलकर उनसे गैर-हिंदुओं को आयोजन स्थल में प्रवेश करने से रोकने के लिए कहते हैं। कभी-कभी वे कार्यक्रम में शामिल होने वाले पुरुषों के माथे पर तिलक भी लगाते हैं और आयोजन स्थल से संदिग्ध लोगों को बाहर निकाल देते हैं।”

सोशल मीडिया पर आलोचना के बाद गढ़वी ने इंस्टाग्राम पर बयान जारी कर कहा कि कुछ लोगों ने मंच का इस्तेमाल ऐसा संदेश देने के लिए किया, जिससे वह सहमत नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि गरबा में मां दुर्गा के प्रति प्रेम और सम्मान रखने वाले सभी लोगों का स्वागत है।

दिलचस्प बात यह है कि विवादित घोषणा करने वाले त्रिवेदी ने इंस्टाग्राम पर गढ़वी की साझा पोस्ट को भी स्वीकार किया, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि वह गायक की टिप्पणियों से सहमत हैं।

भाषा

राखी पवनेश

पवनेश