Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

त्योहारों में यातायात नियमों के उल्लंघन पर एक हफ्ते में 81 हजार से अधिक चालान

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली में त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत इस सप्ताह यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए 81,080 चालान किए गए। दिल्ली यातायात पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, पूजा पंडालों, मंदिरों, बाजारों और अन्य धार्मिक स्थलों पर लोगों की आवाजाही बढ़ने के मद्देनजर प्रमुख सड़कों और चिह्नित स्थानों पर यातायात प्रबंधन तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज की गई।

यातायाता पुलिस ने एक बयान में कहा है कि इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने के 14,913, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने के 1,234, वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाने के 785 और गलत दिशा में वाहन चलाने के 4,032 चालान किए गए।

इसमें कहा गया है कि गलत दिशा में वाहन चलाने के मामलों में 72 प्राथमिकी भी दर्ज की गईं।

दिल्ली यातायात पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कुल 75.22 लाख से ज्यादा चालान किए जा चुके हैं। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने के 12.20 लाख, गलत दिशा में वाहन चलाने के 4.52 लाख, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने के 79,626 और शीशों पर काली फिल्म लगाने के 25,761 चालान शामिल हैं।

इसने बताया कि गलत दिशा में वाहन चलाने पर 3,810 प्राथमिकी भी दर्ज की गई हैं।

पुलिस ने प्रभावित सड़कों के बारे में यातायात परामर्श जारी किए हैं और आयोजकों से कार्यक्रम स्थलों के आसपास यातायात स्वयंसेवक तैनात करने की अपील की है।

इस बीच यातायात पुलिस की पूर्वी रेंज ने प्रमुख मार्गों पर बसों के अनुचित संचालन के खिलाफ सप्ताहभर अभियान चलाया।

इसने एक बयान में कहा कि इस दौरान परमिट उल्लंघन के 162, गलत पार्किंग के 152, लेन उल्लंघन के 11 और अन्य नियमों के तहत 83 चालान किए गए।

पुलिस ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने पर 16 बसों को जब्त किया गया।

भाषा नोमान नोमान सुरेश

सुरेश