Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में पांच आतंकवादी ढेर

कराची, 14 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने बुधवार को अशांत बलूचिस्तान प्रांत में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियान में एक विद्रोही संगठन के पांच आतंकवादियों को मार गिराया। सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी।

पाकिस्तान टेलीविजन के अनुसार, यह अभियान ‘ऑपरेशन रद्द-उल-फितना तीन’ के तहत वाशुक इलाके में चलाया गया। इस दौरान चार अन्य आतंकवादी घायल हो गए।

खबर के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाया और अभियान के दौरान आधुनिक हथियार तथा गोला-बारूद बरामद किए।

पाकिस्तान के सुरक्षा बल देश के सुदूर दक्षिण-पश्चिमी प्रांत में अलगाववादी विद्रोही समूहों के साथ-साथ प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से भी मुकाबला कर रहे हैं।

विद्रोही समूहों के कई घातक हमलों के बाद सुरक्षा बल पिछले तीन महीने से बलूचिस्तान में अभियान चला रहे हैं।

जुलाई में आतंकवादियों ने प्रांत में कम से कम तीन स्थानों पर हमले किए थे। जियारत के मांगी बांध स्थित पुलिस चौकी पर हमले में 27 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी।

आतंकवादियों ने पहले एक चौकी पर नौ पुलिसकर्मियों की हत्या की और फिर 18 अन्य को अगवा कर लिया था। बाद में उनके शव जियारत के पास पहाड़ी इलाके में मिले थे।

पिछले महीने सुरक्षा बलों ने कलात में एक चौकी से 23 लोगों को अगवा करने वाले पांच आतंकवादियों को मार गिराया था और बंधकों को छुड़ा लिया था।

भाषा मनीषा अविनाश

अविनाश